अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर नवोदय विद्यालय में हुआ भव्य आयोजन, शरीर के सात चक्रों को जागृत करने पर रहा विशेष फोकस।
शेखपुरा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर, शेखपुरा में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीएम आरिफ अहसन एसपी बलिराम कुमार चौधरी सहित विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर योग के विभिन्न आसनों के माध्यम से शरीर के सात प्रमुख चक्रों को जागृत करने की विधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना और सूर्य नमस्कार से हुई, जिसके बाद प्रशिक्षित योग शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को मूलाधार से लेकर सहस्रार चक्र तक शरीर के सात ऊर्जा केंद्रों के महत्व की जानकारी दी गई।
विशेषज्ञों ने बताया कि इन चक्रों को सक्रिय करने से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक और आत्मिक रूप से सशक्त बनता है।योग प्रशिक्षकों ने बताया कि—मूलाधार चक्र को सक्रिय करने के लिए वज्रासन और त्रिकोणासन उपयोगी हैं।स्वाधिष्ठान चक्र को जागृत करने हेतु नौकासन और बद्ध कोणासन लाभकारी हैं।मणिपुर चक्र के लिए धनुरासन व पश्चिमोत्तानासन उपयुक्त हैं।अनाहत चक्र को सक्रिय करने हेतु भुजंगासन और मत्स्यासन किया जाता है।विशुद्ध चक्र के लिए सिंहासन व हलासन प्रभावी माने जाते हैं।आज्ञा चक्र को जागृत करने हेतु ध्यान एवं बालासन अत्यंत प्रभावशाली हैं।
सहस्रार चक्र को जागृत करने हेतु पद्मासन में ध्यान करना श्रेष्ठ माना गया है।जिला पदाधिकारी ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य देन है और इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने छात्रों को प्रतिदिन योग करने के लिए प्रेरित किया।इस मौके पर डीडीसी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे,कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार की ओर से सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि सम्पूर्ण जीवनशैली है,जो शरीर,मन और आत्मा को संतुलित रखती है।